एनएच-74 घोटाला ईडी की बड़ी कार्रवाई, देहरादून-काशीपुर-रुद्रपुर में अफसरों के ठिकानों पर छापेमारी
ईडी के छापे से नौकरशाही में हड़कंप
पीसीएस अधिकारी डीपी सिंह के आवास पर ईडी का छापा।
उत्तराखंड में एनएच-74 मुआवजा घोटाला में भी आरोपी है डीपी सिंह।
देहरादून – एनएच-74 घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के कई शहरों में एक साथ छापेमारी की। ईडी की टीमें देहरादून, काशीपुर और रुद्रपुर में तड़के ही सक्रिय हो गईं और कई पूर्व व वर्तमान अफसरों के आवासों व ठिकानों पर दबिश दी गई। इसमें एक पीसीएस अफसर भी शामिल है।
प्रवर्तन निदेशालय पिछले कई महीनों से इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है। हालिया छापेमारी उसी जांच का हिस्सा है। सूत्रों के अनुसार, ईडी को कुछ नए दस्तावेज और बैंक लेनदेन के सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर यह ताजा कार्रवाई की गई है।
छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और कंप्यूटर जब्त किए गए हैं। ईडी अफसर इनकी फॉरेंसिक जांच भी करवा सकते हैं ताकि मामले में और पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें
यह छापेमारी यह संकेत देती है कि एजेंसियां एनएच-74 जैसे बड़े घोटालों पर शिकंजा कसने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

