गंगोत्री यात्रा मार्ग पर एसपी का औचक निरीक्षण, यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
उत्तरकाशी – चारधाम यात्रा-2026 के दौरान लगातार बढ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अब तक लगभग 4.9 लाख श्रद्धालु श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में मां गंगा एवं यमुना जी के सुरक्षित दर्शन कर चुके हैं। यात्रा में लगातार बढ़ रही तीर्थयात्रियों की संख्या एवं आगामी पीक सीजन के मध्यनजर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय द्वारा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
एसपी उत्तरकाशी द्वारा उत्तरकाशी, तेखला, हीना, मनेरी, भटवाड़ी एवं गंगनानी तक निरीक्षण करते हुए यात्रा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि यात्रा का संचालन पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए।
यात्रा पीक को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ एवं पैरामिलिट्री फोर्स को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा तीर्थयात्रियों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
भटवाड़ी, चड़ेती, गंगनानी से झाला तक के संवेदनशील एवं संकरे मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को जाम एवं असुविधा का सामना न करना पड़े।
हीना यात्री पंजीकरण केंद्र पर श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी उत्तरकाशी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी पुलिसकर्मी यात्रियों के साथ सौम्य, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें।
इस दौरान उनके द्वारा तीर्थयात्रियों से यात्रा एवं सुरक्षा प्रबन्धों का फीडबैक लेते हुये उनके यात्रा अनुभवों को गम्भीरता से सुना गया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक मनेरी दीपक नौटियाल, निरीक्षक यातायात सुनील कुमार, वरिष्ठ उप-निरीक्षक सुखपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

