उत्तराखंड

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने  युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा खेल विभाग की ली समीक्षा बैठक 

उत्तरकाशी –  पर्वतीय अंचल में युवाओं के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा खेल विभाग की समीक्षा बैठक ली।

बैठक के दौरान शासन की नीतियों को धरातल पर उतारते हुए जिले के समस्त युवाओं तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के लिए कड़े निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दिखने चाहिए जिसके लिये किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बैठक में खेलो इंडिया, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना, खेल महाकुंभ, युवा महोत्सव तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बाल एथलीटों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें मिलने वाली छात्रवृत्ति का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने प्रतिभा खोज अभियानों में तेजी लाने को कहा तथा सीमांत जिले की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में योजनाओं की गतिविधियों के विस्तार पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपस में बेहतर तालमेल बिठाकर शासन द्वारा निर्धारित विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!