उत्तराखंड

जिलाधिकारी ने जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

उत्तरकाशी  – जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। जरूरतमंद व्यक्ति जनकल्याणकारी तंत्र से अछूता न रहे इसके लिए विभागीय अधिकारियों को कार्यशैली में तेजी लाते हुए लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्रता से करने के निर्देश दिये।

दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े विषयों पर उन्होंने जिला चिकित्सालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर निर्गत किए जाने वाले दिव्यांगता प्रमाण पत्रों पर सभी आवेदकों के ‘यूडीआईडी’ कार्ड तैयार करने के निर्देश दिये तथा वर्तमान में यूडीआईडी कार्ड के अभाव में किसी भी दिव्यांगजन को पेंशन अथवा अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने हेतु केंद्र सरकार द्वारा पोषित सभी पेंशन खातों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने पेंशन राशि सीधे और पारदर्शी ढंग से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित करने को लेकर समस्त पेंशनरों के बैंक खातों को अनिवार्य रूप से आधार से लिंक (सीड) करने अथवा उनके खातों में ‘आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम’ सक्रिय करने के निर्देश दिये।पेंशन धारकों के खातों की सीडिंग प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा इस व्यवस्था को धरातल पर समयबद्ध रूप से लागू करने के लिए लीड बैंक अधिकारी से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिये।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, जिला अर्थ संख्या अधिकारी अतुल आनंद सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!