उत्तराखंड

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों एवं प्रगति की जिला निर्वाचन अधिकारी ने की समीक्षा

विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने की मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

उत्तरकाशी – विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण में अब तक हुई प्रगति तथा अंतिम चरण में किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपादित किए जाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप-6 के संबंध में स्पष्ट किया गया कि बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने संबंधी दावों के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के अनुसार ही कार्यवाही की जाएगी। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि वे सभी दावों एवं आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करें। प्रारूप-7 एवं प्रारूप-8 पर भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभी तक जनपद की तीनों विधानसभाओ में 558 पोलिंग बूथों पर मतदान कार्मिक मुस्तैदी से लगे हुए हैं और लगभग 93 प्रतिशत कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। तीनों विधानसभाओ में जारी 63717 नोटिसों में से 63652 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। और अभी तक वितरित नोटिसों के सापेक्ष कुल 59482 की सुनवाई हो चुकी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी पुनरीक्षण कार्य में सहयोग प्रदान करने तथा अपने स्तर से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों को नियमानुसार प्रस्तुत करने की अपेक्षा की।

बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत, बीएसपी जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल, नीमचंद , हितेश रावत, भाजपा से हरीश डंगवाल, जयचंद रावत सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा और अन्य अधिकारी ऑनलाइन उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!