सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए किया गया प्रेरित
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने किया प्रतिभाग
उत्तरकाशी – ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा प्रतिभाग किया गया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओ के माध्यम से मातृ एवं बाल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और गतिविधियों में सहयोग तथा अभिभावकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करते हुए बच्चों के पोषण तथा मातृ–शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास के प्रति परिवारों को जागरूक करना तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए महिलाओं और अभिभावकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वच्छता तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करते हुए विभागीय अधिकारियों द्वारा अभिभावकों के साथ बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु कल्याण तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओ को लेकर संवाद किया गया। अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए प्रारंभिक अवस्था से ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। अभिभावकों को संतुलित आहार में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने, बच्चों की नियमित वृद्धि एवं विकास की निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की एवं बच्चों द्वारा खेल प्रतियोगिताओ में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी यशोदा बिष्ट सहित महिला सशक्तिकरण विभाग के कार्मिक और आंगनवाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रही।

