उत्तराखंड

पुरोला जिला को लेकर दुर्गेश्वर लाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र 

 

देहरादून – पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की । प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को रवाई घाटी की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर पुरोला को जिला बनाने के संबंध में मांगपत्र सौंपा।

मांग पत्र में पुरोला विधानसभा की भौगोलिक, प्रशासनिक एवं जनसंख्या की दृष्टि में अत्यंत विस्तृत एवं दुर्गम है। इस क्षेत्र के नागरिक पिछले कई वर्षों से पुरोला को पृथक जिला घोषित किए जाने की मांग निरंतर करते आ रहे हैं, किंतु यह मांग आज तक लंबित है। पुरोला क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियाँ अत्यंत कठिन हैं। जिला मुख्यालय की दूरी अधिक होने के कारण आम जनमानस को प्रशासनिक कार्यों, न्यायिक प्रक्रियाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य शासकीय सुविधाओं के लिए अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पृथक जिला बनने से न केवल प्रशासनिक सुगमता बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

पुरोला को जिला घोषित किए जाने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। यह निर्णय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।

पुरोला क्षेत्र की जनभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लें तथा पुरोला को पृथक जिला घोषित किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने की कृपा करें।

विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जनभावनाओं के अनुरूप फैसला लेंगे व पुरोला जनपद की बहु प्रतिक्षित मांग साकार होंगी । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की सरकार ने पुरोला विधानसभा के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य , सिंचाई व सड़क सम्बन्धी तमाम योजनाओं का क्रियान्वयन विगत चार वर्षों में किया गया है व अन्य पर भी शीघ्र कार्य किया जाएगा ।

प्रतिनिधिमंडल में ठेकेदार यूनियन अध्यक्ष बद्री प्रसाद नौडियाल, भाजपा मंडल महामंत्री शिशपाल रावत, बजरंग दल जिला संयोजक अमित नौडियाल, शिक्षक जयबीर सिंह रावत नागराज व एमएस बोहरा शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!