अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने ली स्वास्थ्य विभाग की बैठक
उत्तरकाशी – अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में जनपद के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी चलाये जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान के संबंध में एनआईसी सभागार में बैठक आहूत की गई। बैठक में जनपद के सभी अन्तर्विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. बी.एस. रावत द्वारा बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद के गंगा वैली के तीनों ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक भौतिक रूप से बैठक में उपस्थित हैं जबकि यमुना वैली के तीनों ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा वर्चुअल के माध्यम से प्रतिभाग किया जा रहा है।
डॉ विकास, एस एम ओ डब्ल्यूएचओ द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी गई कि जनपद में विशेष टीकाकरण अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। विशेष टीकाकरण अभियान का प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण क्रमश: 21 से 31 जुलाई, 19 से 29 अगस्त एवं 18 से 29 सितंबर 2025 तक चलाया जाना है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2026 तक मीजिल्स रूबैला का उन्मूलन किया जाना है। उनके द्वारा सभी संबंधित विभागों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए बताया गया कि विशेष टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत मुख्यतः असेवित क्षेत्र, घुमन्तु जनसंख्या, शहरी क्षेत्र तथा दूरस्थ क्षेत्रों में लेफ्ट आउट एवं ड्रॉपआउट बच्चों हेतु प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया जाना है ताकि कोई भी लक्षित वर्ग टीकाकरण से वंचित न रहे।
अपर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सभी ब्लाॅक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि उक्त अभियान के महत्ता के दृष्टिगत समय से ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक वा हेड काउण्ट सर्वे का कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी विभागों से उक्त अभियान में आवश्यक सहयोग किये जाने के दिशा-निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी संबंधित विभागों को पत्र प्रेषित कर आवश्यक सहयोग लिया जाए साथ ही विशेष टीकाकरण अभियान का विभिन्न माध्यमों एवं आशा कार्यकत्रियों वा आंगनवाड़ी के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख अधीक्षक पी एस पोखरियाल, समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बी.पी.एम गंगा वैली, सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण, आई ई सी मैनेजर अनिल बिष्ट, आई डी एस पी मैनेजर प्रमोद नौटियाल, सीमा अग्रवाल, उत्तम उनियाल एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे ।

