जमनपुर में अवैध रूप से कब्जा कर प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्टरी पर चला बुल्डोजर
देहरादून – प्रशासन की टीम ने सेलाकुई के जमनपुर में नदी क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई प्लास्टिक का दाना बनाने वाली एक फैक्टरी को ध्वस्त कर दिया है। फैक्टरी के पास ही एक अवैध प्लॉटिंग में बने निर्माण को भी तोड़ा गया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल होने के चलते अवैध कब्जाधारकोंं ने कार्रवाई का विरोध नहीं किया। प्रशासन जल्द नदी क्षेत्र में हुए अन्य अवैध निर्माण को भी ध्वस्त करने की तैयारी कर रहा है।
एडीएम प्रशासन जय भारत सिंह को करीब चार माह पहले जमनपुर में अवैध रूप से कब्जा कर प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्टरी के निर्माण की शिकायत मिली थी। तब उन्होंने फैक्टरी का निरीक्षण किया था। उन्होंने फैक्टरी संचालक को नोटिस जारी कर भूमि, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी, एमएसएमई पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, फैक्टरी संचालक ने केवल एमएसएमई पंजीकरण संबंधी दस्तावेज ही प्रस्तुत कर पाया। वहीं, जांच में पाया गया कि फैक्टरी की भूमि नदी क्षेत्र में है। इसके खिलाफ कार्रवाइ के लिए एडीएम प्रशासन, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी पुलिस बल के साथ जमनपुर पहुंचे। वहां टीम ने दो जेसीबी से फैक्टरी को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा फैक्टरी में पास एक प्लॉटिंग में अवैध निर्माण किया गया था। टीम ने उसे भी जेसीबी से तोड़ दिया