सीएम ने पर्वतीय क्षेत्रों में दो नए योग नगर बसाने और दो आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र स्थापित करने की घोषणा
देहरादून – 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखंड और देश को पहली योग नीति की सौगात मिल गई। इस दौरान सीएम ने योग नीति का शुभारंभ कर पर्वतीय क्षेत्रों में दो नए योग नगर बसाने और दो आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र स्थापित करने की घोषणा की। कहा, पर्वतीय राज्य की इस संजीवनी का पूरे विश्व को लाभ दिया जाएगा। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित योग दिवस कई मायनों मेंं ऐतिहासिक रहा। एक ओर उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी में आठ मित्र राष्ट्रों के राजदूत, उच्चायुक्त सहित अन्य प्रतिनिधि पहुंचे तो दूसरी ओर प्रदेश और देश को पहली योग नीति की सौगात मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि वर्ष 2030 तक राज्य में पांच नए योग हब की स्थापना की जाए और मार्च 2026 तक राज्य के सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

