तबाही ,बादल फटा, धराली में मची चीख-पुकार, कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका
खीरगंगा में आई बाढ़, मलबे में दबे कई लोग, गांव में पानी का सैलाब आता देख मची चीख पुकार
उत्तरकाशी – उत्तरकाशी जनपद के धराली गांव की खीरगंगा में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। कुछ लोगों के दबे होने की खबर है। वहीं कुछ लोगों के होटल और खीरगंगा के दूसरी ओर घरों में फंसे होने की सूचना है।
उत्तराखंड में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। आज मंगलवार सुबह ही उत्तरकाशी बडकोट तहसील क्षेत्र के बनाल पट्टी में भारी अतिवृष्टि होने से चपेट में आई करीब डेढ़ दर्जन बकरियां कुड गदेरे में बह गई। कुड गदेरा उफान पर आने से अफरातफरी मच गई।
धराली उत्तरकाशी क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का सीएम धामी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। इस सम्बन्ध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूं।
दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर राहत बचाव का अनुरोध
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के पास उत्तरकाशी में बादल फटने की प्राथमिक सूचना प्राप्त हुई है। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने भारत सरकार को दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर राहत और बचाव कार्य के लिए देने का अनुरोध किया है।

