उत्तराखंड

जनपद में आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य पखवाड़ा किया जाएगा आयोजित

उत्तरकाशी  – जनपद में आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य पखवाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा जिला चिकित्सालय स्तर पर बृहद रूप से आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तर पर देहरादून और नैनीताल में मेघा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धनसिंह रावत ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। तथा जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य पखवाड़े के अन्तर्गत प्रदेशभर में 2300 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएगी। इस दौरान डायबिटीज,कैंसर सहित अन्य रोगों की जांच, स्वास्थ्य परीक्षण,निःशुल्क औषधि वितरण,ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। विशेष रूप से 250 से अधिक केंद्रों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रक्तदान करने वाले लोगों का पंजीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को राज्य की सभी 70 विधानसभाओं में एक साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को व्यापक तैयारी एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं,ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य पखवाड़े की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम को देखते हुए अन्य विभागों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है। तथा जनसहभागिता पर विशेष बल दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 17 सितम्बर से कुल 208 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जिसमें प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर मेगा स्वास्थ्य कैम्प भी आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त दिव्यांग प्रमाण पत्र,आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण,निःशुल्क दवाई वितरण,वरिष्ठ नागरिकों हेतु डॉक्टर की सलाह पर चश्मों का वितरण भी किया जाएगा।

बैठक में सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत, सीएमएस डॉ. पी.एस. पोखरियाल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!