उत्तराखंड

राज्य सभा सांसद कल्पना सैनी ने जनपद मुख्यालय पहुंचकर की प्रेस वार्ता

सांसद ने जनपद के रामलीला मैदान में चल रहे रजत जयंती उत्सव में किया प्रतिभाग और किया विभागीय स्टालों का निरीक्षण

उत्तरकाशी – दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर उत्तरकाशी पहुंची माननीय सांसद राज्यसभा डॉ. कल्पना सैनी ने आज जनपद मुख्यालय के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचकर प्रेस वार्ता कर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रेस वार्ता के पश्चात मां. सांसद ने रामलीला मैदान उत्तरकाशी में चल रहे राज्य स्थापना के रजत जयंती उत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

प्रेस वार्ता में  सांसद ने सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प पर कार्य कर रही है तथा प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अनेक योजनाओं की शुरुवात और कई ऐतिहासिक निर्णय लिए है।

सांसद ने प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी नौकरी में राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, महिलाओं को नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, बीते 4 वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, राज्य में सशक्त भू–कानून, ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के अंतर्गत ऐतिहासिक रू. 1 लाख करोड़ से अधिक निवेश की ग्राउंडिंग, श्री बद्रीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम का पुनर्नियोजित विकास, राज्य के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड, वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शीतकालीन यात्रा का आरंभ से लेकर अन्य महत्वपूर्ण निर्णय और योजनाएं शुरू की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्रता के पश्चात देश का प्रथम राज्य बना है जिसने यूसीसी को लागू किया है जिसकी समानता और समरसता में महत्वपूर्ण भूमिका है जिसके जरिए वर्षों से चली आ रही कुप्रथाओं का उन्मूलन होगा।
मा. सांसद ने बीआरओ के कमांडर से फोन पर वार्ता कर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश भी दिए।
सांसद ने धराली आपदा पर कहा कि , वह घटना अत्यंत दुखद और चुनौतीपूर्ण थी। इस आपदा में हमने अपने नागरिकों को खोया है और बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ है। हम इस पीड़ा को महसूस करते हैं। लेकिन मैं जनता को आश्वस्त करती हूँ कि सरकार इस चुनौतीपूर्ण समय में पूरी ताकत से लोगों के साथ खड़ी है।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए  सांसद ने कहा कि वह केंद्र और राज्य सरकार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करती रहेंगी ताकि राज्य का चौमुखी का विकास तीव्र गति से हो सके।
सांसद राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रम में शामिल हुई और सभी को राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दी साथ कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलो का भी निरीक्षण किया।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान,प्रदेश मंत्री ओबीसी मोर्चा भाजपा सी.पी बेलवाल, जिला महामंत्री भाजपा महावीर नेगी,अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा,पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार , तहसीलदार सुरेश सेमवाल सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!