बचे हुए मत पत्रों को अकाउंट बनाकर डबल लॉक में रखा जाए – राकेश राणा
टिहरी – जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने जिलाधिकारी टिहरी को एक पत्र प्रेषित कर मतदान के बाद बचे हुए मत पत्रों को डबल लॉक में अकाउंट बनाकर रखे जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के लिए दिनांक 24 जुलाई एवं 28 जुलाई 2025 को दो चरणों में मतदान सम्पन्न हुआ तथा दिनांक 31 जुलाई 2025 को मतगणना की तिथि निर्धारित की गई है।
निर्वाचन आयोग किसी भी चुनाव में हमेशा मतदाताओं की संख्या से अधिक मतपत्र छापता है। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के लिए छपे हुए वे मतपत्र जो पोलिंग पार्टियों को नहीं दिए गये, तथा जो आज भी ब्लाक के रिटर्निंग ऑफिसरों तथा जिले के प्रभारी निर्वाचन अधिकारीयों के वास मतपत्र, अवशेष बचे हुए हैं, उन सभी मतपत्रों को सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतगणना से पूर्व डबल लॉक में एकाउंट बनाकर बंद किया जाय तथा इस एकाउंट की प्रतिलिपि, जिसमें मतपत्रों का पूर्ण विवरण हो कि कुल कितने मतपत्र छापे गये, कितने पोलिंग पार्टियों को दिये गये तथा कितने मतपत्र अवशेष बचे हुए हैं, इसका सम्पूर्ण ब्यौरा सभी राजनैतिक पार्टियों को दिया जाय। साथ ही जिस प्रिंटिंग प्रेस में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के लिए मतपत्रों की छपाई का कार्य कराया गया, मतगणना पूर्ण होने तक उसकी कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाय।

