उत्तराखंड

एसपी ने  गंगोत्री यात्रा रुट का किया  स्थलीय निरीक्षण, यात्रा/सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों का भी लिया जायजा

चारधाम यात्रा-2026 प्रारम्भ होने में महज एक माह का समय शेष रह गया है, यात्रा के सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन हेतु उत्तरकाशी पुलिस द्वारा तैयारियां तेज कर दी गयी हैं।

उत्तरकाशी – पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय द्वारा गंगोत्री धाम यात्रा रुट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लेकर यात्रा तथा सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी।

यात्रा मार्ग एवं धाम में स्थित पुलिस चौकियों, बैरियर्स, ड्यूटी प्वाइंट्स, पार्किग्स तथा हीना यात्री पंजीकरण केन्द्र का भौतिक निरीक्षण करते हुए वहां तैनात होने वाले पुलिस जवानों के ठहरने, रहने-खाने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्नान घाटों, दुर्घटना प्रभावित व संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने, आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल, फायर, एसडीआरएफ व क्यूआरटी की तैनाती के निर्देश के साथ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने एवं यात्रा से संबंधित अन्य तैयारियों को समय पर पूर्ण करने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।

श्री गंगोत्री धाम पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा गंगोत्री पुलिस चौकी का निरीक्षण किया गया तथा यात्रा के दौरान विषम परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर आवास एवं भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यात्रा के दौरान आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु मंदिर परिसर, यात्रा मार्ग एवं प्रमुख पड़ावों पर समय से सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। गंगोत्री धाम पर एसपी उत्तरकाशी  द्वारा आर्मी के अधिकारियों एवं जापान के टूरिस्ट से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया गया।निरीक्षण के उपरांत उनके द्वारा माँ गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा में गंगा जी दर्शन एवं पूजा-अर्चना की गयी।

एसपी  द्वारा बताया गया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सरल व सुगम बनाना उत्तरकाशी पुलिस की प्राथमिकता है। तीर्थयात्रियों की सरलता एवं सुरक्षित यात्रा हेतु यात्रा रुटों के मुख्य-मुख्य पडाव/स्थलों पर निर्देशिकायें/मार्गदर्शिकाओं के साथ तीव्र/अंधे मोड, दुर्घटना प्रभावी व संवेदनशील क्षेत्र मे यातायात के साइन बोर्ड, चिह्न, अवतल मिरर अवस्थापित किये जा रहे हैं। आपराधिक गतिविधियों की निगरानी हेतु धाम व मुख्य-मुख्य स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता व सुलभता हेतु डेडिकेटेड हेल्पलाइन भी जारी की जायेगी।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी यातायात  लक्ष्मण सिंह चुफाल, अ0उ0नि0  सुनील तोमर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!