उत्तराखंड

जनगणना-2027 के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

उत्तरकाशी – जिले में आगामी जनगणना-2027 के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। प्रशिक्षण के अंतिम दिन अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र उपस्थित रही तथा चल रहे प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखा । कार्यक्रम में जनपद के तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारीगण को प्रशिक्षण दिया गया।
जनगणना 2027 को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2011 के बाद होने वाली यह ऐतिहासिक जनगणना मोबाइल एप्लिकेशन आधारित होगी, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने स्मार्टफोन के माध्यम से डेटा संकलन करेंगे। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए ‘जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली’ का उपयोग किया जाएगा, जिसे इस प्रणाली का ‘मस्तिष्क’ माना जा रहा है।
जनगणना की प्रक्रिया दो मुख्य चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक प्रस्तावित है। इससे पूर्व नागरिकों को 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 के बीच स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने हेतु ‘स्व-गणना’ का विकल्प भी दिया जाएगा। जनगणना का द्वितीय और मुख्य चरण (जनसंख्या गणना) 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा।
सफल क्रियान्वयन हेतु प्रशासनिक स्तर पर प्रत्येक तहसील और नगर को विशिष्ट जनगणना वार्ड के रूप में विभाजित कर चार्ज अधिकारी नियुक्त होंगे। इन अधिकारियों की मुख्य जिम्मेदारी हाउस लिस्टिंग, जिओ-टैगिंग, और डेटा की सटीकता सुनिश्चित करना होगी।
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र द्वारा प्रशिक्षण समापन पर स्थानीय स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और सभी संबंधित अधिकारियों को इस राष्ट्रीय कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!