“विज्ञान में महिलाओं और बालिकाओं का अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के अवसर पर जागरूकता शिविर का आयोजन
टिहरी – उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल / जिला न्यायाधीश नितिन शर्मा के निर्देशन में सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल, आलोक राम त्रिपाठी द्वारा नरेन्द्र महिला इण्टर कॉलेज, भागीरथी पुरम, टिहरी गढ़वाल में “विज्ञान में महिलाओं और बालिकाओं का अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के अवसर पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल द्वारा विद्यालय की छात्राओं को दिए गए व्यख्यान में कहा गया कि “विज्ञान में महिलाओं और बालिकाओं का अंतर्राष्ट्रीय दिवस” का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में महिलाओं और लड़कियों की भागीदारी को बढ़ावा देना और लैंगिक समानता को सुनिश्चित करना है। विज्ञान और तकनीक किसी भी देश के विकास की आधारशिला होते हैं किन्तु देश में आज भी विज्ञान के कई क्षेत्रों में महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है जिसका कारण सामाजिक रूढ़ियाँ, संसाधनों की कमी और अवसरों की असमानता हैं। यह दिवस इन चुनौतियों को पहचानने और उन्हें दूर करने की दिशा में जागरूकता फैलाने का कार्य करता है। श्री त्रिपाठी द्वारा संविधान के अनुच्छेद 51A(h) के बारे में बताया गया कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानवतावाद तथा ज्ञानार्जन और सुधार की भावना का विकास करना प्रत्येक भारतीय नागरिक का कर्तव्य है। छात्राओं को वैज्ञानिक सोच अपनाने, तर्क और प्रमाण के आधार पर विचार करने, अंधविश्वासों से दूर रह कर समाज में सुधार और प्रगति के लिए प्रयास करने लिए प्रेरित किया गया साथ ही इतिहास में कई महान महिला वैज्ञानिकों के योगदान तथा महिला वैज्ञानिकों के उदाहरण देकर छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां द्वारा विधिक प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया एवं नरेन्द्र महिला इण्टर कॉलेज, भागीरथी पुरम, टिहरी गढ़वाल की छात्राओं द्वारा मैरी क्यूरी तथा टेस्सी थॉमस (मिसाइल वुमन ऑफ इंडिया) के जीवन तथा उनकी उपलब्धियों के बारे नुकड़ नाटक के माध्यम से बताया गया।
इस अवसर नरेन्द्र महिला इण्टर कॉलेज, भागीरथी पुरम, टिहरी गढ़वाल की प्रधानाचार्या आराधना कुकरेती, विद्यालय के समस्त कर्मचारीगण एवं समस्त छात्राएं उपस्तिथ रही।

