त्योहारी सीजन में देहरादून की यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, 13 स्थानों पर पार्किंग की सुविधा
पलटन बाजार समेत प्रमुख बाजारों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित,
नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर लगेगा 1500 रुपये जुर्माना;
यातायात सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
देहरादून – त्योहारी सीजन में राजधानी देहरादून के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान एवं एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए 13 स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। वहीं, पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी सहित प्रमुख बाजारों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले चौपहिया वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्क किए जा सकेंगे। चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

