एंजेल इंटरनेशनल अकादमी मातली में सड़क सुरक्षा का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया यातायात नियमों के पालन का संकल्प
उत्तरकाशी – सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस की ओर से जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस की टीम ने एंजेल इंटरनेशनल अकादमी, मातली में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ओवरस्पीडिंग, बाइक स्टंट और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने से होने वाले खतरों के बारे में बताया गया।
यातायात निरीक्षक ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतकों के महत्व की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

