आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा ने हर्षिल, गंगोत्री और लदाड़ी पुलिस व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
उत्तरकाशी – पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक उत्तराखंड सुनील कुमार मीणा ने जनपद उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र का भ्रमण कर कोतवाली हर्षिल, पुलिस चौकी गंगोत्री और फायर स्टेशन लदाड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं, जवानों की सुविधाओं, अग्निशमन संसाधनों और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कोतवाली हर्षिल के निरीक्षण के दौरान आईजी ने परिसर एवं आवासीय भवनों का जायजा लिया। उन्होंने भागीरथी नदी के किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता की सामग्री के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में संभावित आपदाओं और नदी के कटाव से कोतवाली परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्यों में विशेष सावधानी बरती जाए।
