उत्तराखंड

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के फील्ड असेसमेंट की तैयारियों के क्रम में एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन

देहरादून –  नगर निगम देहरादून के सभागार में माननीय महापौर  सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामि बंसल (आईएएस) की अध्यक्षता में स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के फील्ड असेसमेंट की तैयारियों के क्रम में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न मानकों के संबंध में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, गैर-सरकारी संगठनों एवं अन्य हितधारकों को विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना था।

स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न इंडिकेटर्स, ओडीएफ (ODF) प्रमाण पत्र तथा गार्बेज फ्री सिटी (GFC) स्टार रेटिंग प्रमाण पत्र से संबंधित एक विस्तृत प्रस्तुति के साथ की गई। इस प्रस्तुति के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वच्छ सर्वेक्षण के मूल्यांकन मानकों, शहर की वर्तमान स्थिति तथा आगामी फील्ड असेसमेंट के लिए आवश्यक तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान यह भी बताया गया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा संस्थानों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस संदर्भ में नागरिकों एवं गैर-सरकारी संगठनों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला के अगले सत्र में वेस्ट वारियर्स सोसायटी के सदस्यों द्वारा मॉडल वार्ड संख्या 97 (हर्रावाला) के संबंध में एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति में मॉडल वार्ड में संचालित कचरा प्रबंधन व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता के माध्यम से प्राप्त सकारात्मक परिणामों के बारे में जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही मॉडल वार्ड की कार्यप्रणाली को अन्य वार्डों में लागू करने के लिए सुझाव भी दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम देहरादून द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अंतर्गत शहर में स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 नए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किए गए। सभी ब्रांड एंबेसडरों को नियुक्ति सह सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने तथा स्वच्छता अभियानों को सुदृढ़ करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नियुक्त किए गए ब्रांड एंबेसडरों में  नवीन कुमार सडाना (प्रोजेक्ट मैनेजर, वेस्ट वारियर्स सोसायटी),  देवेंद्र पाल सिंह “मोंटी” (पूर्व पार्षद, नगर निगम देहरादून), भारत शर्मा (चेयरमैन, भारत ट्रैवल्स इंडिया एवं भारत कम्प्यूटर्स CSC),  आरिफ खान (नेशनल चेयरमैन, नेशनल एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स – NAPSR), डॉ. विजय श्रीधर (असिस्टेंट प्रोफेसर, दून विश्वविद्यालय), डॉ. अमल शंकर शुक्ला (एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी) तथा  रजत शक्ति (स्टेशन हेड, एफएम 93.5) शामिल हैं।

कार्यशाला के समापन अवसर पर नगर आयुक्त नमामि बंसल (आईएएस) ने अपने संबोधन में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के लिए समन्वित एवं प्रतिबद्ध प्रयास करने का आह्वान किया तथा कहा कि नागरिक सहभागिता के माध्यम से देहरादून को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी शहर बनाया जा सकता है। इसके पश्चात माननीय महापौर  सौरभ थपलियाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वच्छता को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस कार्यशाला में सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, वेस्ट वारियर्स एनजीओ के प्रतिनिधि, नव नियुक्त ब्रांड एंबेसडर, मुख्य सफाई निरीक्षक/सफाई निरीक्षक, स्वयं सहायता समूह (SHGs) के सदस्य, नगर निगम के पर्यवेक्षक, पीएमसी पर्यवेक्षक तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!