जिलास्तरीय फील्ड ट्रैनर्स का तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यकम हुआ सम्पन्न
उत्तरकाशी– कलेक्ट्रेट परिसर के जिला सभागार में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की अध्यक्षता में जिलास्तरीय फील्ड ट्रैनर्स का तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यकम कराया गया। मास्टर ट्रैनर्स द्वारा फील्ड ट्रैनर्स को जानकारी दी गयी कि इस बार जनगणना का कार्य पूरी तरह मोबाइल एप्लीकेशन पर आधारित होगा।
डिजीटल प्रणाली लागू होने से डेटा की गुणवत्ता सटीकता व संकलन में सुधार होगा जो पूर्ववर्ती जनगणना की तुलना में अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी होगा। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रैनर्स जनगणना कार्य निदेशालय ध्रुवेन्द्र कुमार वर्मा एवं कपिल नौटियाल ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जायेगी।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना होगी। प्रथम चरण का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई तक किया जायेगा। यह कार्य घर-घर जाकर क्षेत्रीय सर्वेक्षण के रूप में किया जायेगा। इसके अतिरिक्त स्वगणना की अवधि 10 से 24 अप्रैल तक प्रस्तावित है। पहली बार परिवारों को एक बेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प दिया जायेगा। साथ ही प्रगणक द्वारा उक्त विवरण का सत्यापन कर आंकड़ों का संकलन किया जायेगा।
द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना होगी। यह चरण अगले साल 01 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगा। उत्तराखण्ड के हिमाच्छादित क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान के तहत जनसंख्या गणना का कार्य 11 सितम्बर से 30 सितम्बर 2026 तक किया जाना प्रस्तावित है।
सभी प्रशिक्षण गतिविधियां पोर्टल से संचालित की जायेगी। पहले फील्ड ट्रैनर्स प्रशिक्षित किया जायेगा, फिर वे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
जिला जनगणना अधिकारी / अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने जनगणना कार्य को प्राथमिकता देते हुये समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिये।

