स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला, पत्रकार इलेवन ने मारी बाज़ी
उत्तरकाशी – उत्तरकाशी के मनेरा स्टेडियम में जिला प्रशासन और पत्रकार इलेवन के बीच खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। आखिरी गेंद तक चले इस मुकाबले में पत्रकार इलेवन ने 5 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
मैच की शुरुआत में पत्रकार इलेवन के कप्तान बलबीर परमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। शुरुआती झटका जल्दी लगने के बावजूद टीम ने शानदार वापसी की। सलामी बल्लेबाज बलबीर परमार और अभिषेक चौहान ने तेज़ साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद सुरेश ने मैदान पर आते ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 91 रन ठोक दिए। अभिषेक चौहान ने भी 40 रनों की दमदार पारी खेली।
इन शानदार पारियों की बदौलत पत्रकार इलेवन ने 20 ओवर में 191 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिला प्रशासन की टीम ने भी जोरदार मुकाबला किया। निखिल चौधरी ने 71 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन मैच के अहम मोड़ पर बलबीर परमार ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर मैच का रुख बदल दिया।
आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में जिला प्रशासन की पूरी टीम 19 ओवर की अंतिम गेंद पर ऑलआउट हो गई और पत्रकार इलेवन ने 5 रन से जीत दर्ज कर ली।
गेंदबाजी में भी पत्रकार इलेवन का दबदबा देखने को मिला। अमेंद्र बिष्ट, कर्मवीर सिंह और बलबीर परमार ने अहम विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ पत्रकार इलेवन ने न सिर्फ ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि एक रोमांचक और यादगार मुकाबले से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी किया।

