उत्तराखंड

टिहरी में कांग्रेस की विशाल जनाक्रोश गर्जना रैली में कई दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी –  राकेश राणा

टिहरी – जिला मुख्यालय नई टिहरी में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा कल दिनांक 17 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे एक विशाल जनाक्रोश गर्जना रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली का संयोजन प्रताप नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम सिंह नेगी द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा ने जानकारी देते हुए कहा कि यह रैली भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बनेगी। उन्होंने बताया कि हजारों की संख्या में कांग्रेसजन ढोल-दमाऊं की गूंज के साथ जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे और सरकार को जगाने का काम करेंगे।
श्री राणा ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के साथ विश्वासघात किया है। बेरोजगार युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि गांवों में माताएं-बहनें मानव-वन्यजीव संघर्ष से जूझ रही हैं। आम जनता पिछले 9 वर्षों से कभी आधार, कभी राशन, कभी नोटबंदी और अब महंगाई व गैस सिलेंडर की लाइन में खड़ी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई ने गरीब की थाली से दाल-रोटी छीन ली है। प्रतापनगर क्षेत्र को केंद्रीय ओबीसी का दर्जा दिलाने का वादा भी अधूरा रह गया। डोबरा से लमगांव तक सड़क की हालत बदतर है और सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार चरम पर है।
प्रदेश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाया। वहीं जल जीवन मिशन के तहत भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों से टैक्स तो वसूला जा रहा है, लेकिन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा।

रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई का बड़ा मंच बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!