उत्तराखंड

कोई भी बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित, हर पात्र तक पहुँचे सरकारी योजनाओं का लाभ- डीएम

आरटीई के तहत पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर; जिलाधिकारी ने बच्चों और अभिभावकों से किया सीधा संवाद

शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ेंगे अपवंचित वर्ग के बच्चे; जिलाधिकारी ने 23 छात्र-छात्राओं को वितरित की शिक्षण सामग्री

कोई भी बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित, हर पात्र तक पहुँचे सरकारी योजनाओं का लाभ- डीएम*

उत्तरकाशी  – शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को परखने और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत अपवंचित व कमजोर वर्ग के बच्चों के दाखिले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर जिला मुख्यालय के सभागार में ‘संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी ने विकासखंड भटवाड़ी के अपवंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों एवं उनके अभिभावकों के साथ सीधा संवाद कर शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का उद्देश्य शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था।

​ जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समाज और विभाग मिलकर कार्य करें। उन्होंने अभिभावकों को प्रेरित किया कि वे बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम का लाभ हर पात्र बच्चे तक पहुंचना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
​इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा विकासखंड भटवाड़ी के 23 आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, ट्रैक सूट, जूते, छाता, टिफिन, वाटर बोतल और आर्ट किट जैसी आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई। इस कार्यक्रम के आयोजन में सिंचाई विभाग जोशियाड़ा और उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम चम्बा का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली,खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!