उत्तराखंड

हरेला महोत्सव में जिलाधिकारी ने उपला देवरा गांव में किया वृक्षारोपण, ग्रामीणों से किया संवाद

उपला देवरा में आजादी के बाद पहले जिलाधिकारी पहुंचे ग्रामीणों के बीच

गांव में पहुंच कर जिलाधिकारी का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से किया स्वागत

पुरोला ( उपला देवरा) – हरेला महोत्सव के अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पुरोला विकासखण्ड के धिवरा पंचायत के उपला देवरा गांव पहुंचकर वृक्षारोपण किया तथा ग्रामीणों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।

आजादी के बाद गांव में पहली बार किसी जिलाधिकारी के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और गांव पहुंचने पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ब्लॉक प्रमुख और ग्रामीणों के साथ हरेला महोत्सव के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। इस दौरान डाo राकेश रतूड़ी ने क्षेत्र के विकास से संबंधित एक प्रस्ताव  जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने अकरू का डांडा क्षेत्र में पर्यटन विकास की मांग के साथ ही सुनाली से धिवरा तक सड़क मार्ग के लगभग 1.5 किलोमीटर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत तथा सुनाली-उपरा-धिवरा से लेगड़ा थात तक सड़क निर्माण की मांग भी रखी। ग्रामीणों द्वारा रखी गई सड़क निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुनाली-उपरा-धिवरा से लेगड़ा थात तक मार्ग का जियोलॉजिकल सर्वे कराने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का परीक्षण कर सड़क निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग का निरीक्षण भी किया।

शिविर में एक वृद्ध महिला बसंती देवी की वृद्ध पेंशन में आ रही समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पुरोला को 15 दिनों के अंदर महिला के पेंशन से संबंधित सभी समस्याओं को दूर कर निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए।

ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, वन पंचायत सरपंच डा o राकेश रतूड़ी, उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश चंद रमोला, ईई लोनिवि दीपक नेगी सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!