मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत तियां में आयोजित की रात्रि चौपाल, जनसमस्याओं का मौके पर किया त्वरित निस्तारण
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु विभागीय अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
उत्तरकाशी – मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के अंतर्गत जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं का उनके द्वार पर त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड नौगांव की ग्राम पंचायत तियां में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने- अपने विभागों से सम्बंधित योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी जनसामान्य को प्रदान की l
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने पशुपालन सम्बंधित बकरी – भेड़ पालन, मुर्गी पालन, नेपियर घास उत्पादन सहित निःशुल्क योजनाओं के प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की l वहीं डेरी विकास विभाग द्वारा भी दुग्ध उत्पादन हेतु प्रोत्साहित राशि की जानकारी दी गयी l
चौपाल में कृषि, उद्यान,मत्स्य, ग्राम्य विकास, सिंचाई,स्वास्थ्य, समाज कल्याण, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शेष प्रकरणों के संबंध में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण तक सुशासन एवं जनसेवाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित कराना है। उन्होंने निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचकर जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली का मूल उद्देश्य जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी एवं परिणामोन्मुखी व्यवस्था स्थापित करना है।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामवासियों द्वारा कृषि, सड़क सुधार एवं अनुरक्षण, राजस्व भूमि अॉन लाइन अपडेट, कृषि एवं बागवानी विकास,”हर घर जल हर घर नल” पेयजल, सिंचाई नहर तथा अन्य स्थानीय समस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न विषय प्रमुखता से उठाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक समस्या का विभागवार परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अनेक समस्याओं का तत्काल समाधान भी कराया।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को समय-समय पर अवगत कराने का भी आग्रह किया।
रात्रि चौपाल में मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी एच.सी.बिष्ट, सहायक निदेशक डेरी-विकास पीयूष आर्य, सहायक निदेशक मत्स्य नीतेश कुमार ,खण्ड विकास अधिकारी नौगांव बिजेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य कलोगी, तिंया श्रीमती प्रियंका थपलियाल, ग्राम प्रधान रीना बहुगुणा, संजय थपलियाल सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र वासी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे

