04 से 18 जुलाई तक जनपद में आयोजित होगा ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़ा
सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगा सेवा पखवाड़ा
जनभागीदारी से सुशासन तक, सेवा पखवाड़े में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
उत्तरकाशी – शासन के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत जनपद में 04 जुलाई से 18 जुलाई तक ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के आदेशानुसार सेवा पखवाड़ा के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
सेवा पखवाड़ा के दौरान जिला मुख्यालय सहित जनपद के सभी विकासखण्डों में जनसेवा शिविर, जनसंवाद, योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक शिविर में आधार पंजीकरण केंद्र की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। 04 जुलाई को जिला मुख्यालय ऑडिटोरियम में सेवा पखवाड़ा का मुख्य शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित गतिविधियां, विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा।
05 जुलाई से 18 जुलाई तक सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद के विकासखंडों एवं विभिन्न क्षेत्रों में विभागीय जनजागरूकता कार्यक्रम, विशेष जनसेवा शिविर, लाभार्थी संवाद, योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सेवा पखवाड़ा के दौरान जिला मुख्यालय एवं सभी विकासखण्डों में राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी। आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़ा के प्रत्येक कार्यक्रम का प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हुए शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा सेवा, सुशासन एवं समर्पण की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना है।

