जिले में 9 अगस्त से शुरू होगा ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान
उत्तरकाशी – आगामी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने इस संबंध में विस्तृत रोस्टर जारी करते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत जनपद भर में जनजागरूकता, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रैलियों, रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत 9 से 16 अगस्त तक आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों को www.harghartiranga.com पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। 11 अगस्त को नगर पालिका क्षेत्रों के अंतर्गत तिरंगा प्रदर्शनी, 13 अगस्त को विधानसभा स्तर पर छात्र-छात्राओं, युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और आम जनता के साथ भव्य ‘तिरंगा रैली’ व सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गान, तथा 14 अगस्त को जिला एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा साइकिल व ई-बाइक रैली का आयोजन होगा। इसके साथ ही 14 व 15 अगस्त को सभी सरकारी भवनों, पुलों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम लाइटों से सजाया जाएगा।
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह के साथ-साथ प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम रंगोली निर्माण, विद्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रेरक उद्धरणों एवं वंदे मातरम के अंशों से सजावट की जाएगी। 16 अगस्त को जिला मुख्यालय में ‘तिरंगा संगीत कार्यक्रम’ आयोजित होगा, जिसमें देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने-अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराएँ। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रमों में ‘भारत की ध्वज संहिता’ का पालन सुनिश्चित किया जाए और गरिमामय वातावरण में अभियान को संपन्न कराया जाए।

