प्रतिभा दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी, छात्राओं ने प्रस्तुत किए आकर्षक मॉडल
पुरोला – राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुरोला में अर्द्धावकाश के बाद प्रतिभा दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर तैयार किए गए मॉडल एवं प्रयोगात्मक कार्यों का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक सोच एवं जिज्ञासा का विकास करना, उन्हें संकोची स्वभाव से बाहर निकालकर अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने का अवसर देना तथा क्रियात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। प्रदर्शनी के दौरान छात्राओं ने अपने-अपने मॉडल और प्रयोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनके कार्य करने के सिद्धांत को भी समझाया।
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने बड़े उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न विषयों पर बनाए गए मॉडल छात्राओं की रचनात्मकता, वैज्ञानिक समझ और मेहनत को प्रदर्शित कर रहे थे। शिक्षिकाओं ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विज्ञान समिति की शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। मालती राणा चौहान, प्रवक्ता जीव विज्ञान, गीता असवाल चौहान, प्रवक्ता रसायन विज्ञान, सोनम चौहान तथा श्रीकांत शर्मा ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया और मॉडल तैयार करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ऋतंभरा सेमवाल ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं में केवल पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान ही नहीं, बल्कि प्रयोग, निरीक्षण, तर्क एवं समस्या समाधान की क्षमता का भी विकास करती हैं। विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं विज्ञान समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

