उत्तराखंड

भैरव मंदिर जन कल्याण समिति उपला देवरा ने विधायक दुर्गेश्वर लाल से की भेंट

मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग का विधायक ने दिया आश्वासन

पुरोला मण्डल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार भी रहे मौजूद 

पुरोला – भैरव मंदिर जन कल्याण समिति उपला देवरा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल से भेंट कर भैरव मंदिर के निर्माण कार्य को लेकर चर्चा की। इस दौरान समिति की ओर से विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

समिति के सदस्यों ने क्षेत्रीय विधायक के समक्ष उपला देवरा में निर्माणाधीन भैरव मंदिर से संबंधित विभिन्न विषयों को रखा। समिति के सचिव डाo राकेश रतूड़ी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की आस्था से जुड़े इस मंदिर के निर्माण कार्य को जनसहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। मंदिर के निर्माण को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने के लिए समिति द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने समिति के संरक्षक जमुना स्वरूप रतूड़ी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। विधायक ने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और क्षेत्रवासियों की धार्मिक आस्था से जुड़े इस कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया। भाजपा के मण्डल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार का समिति ने पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया । अध्यक्ष रामचंद्र पंवार ने भी हर तरह से सहयोग का आश्वासन दिया।

समिति के सदस्यों ने विधायक से भैरव मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक एवं आवश्यक सहयोग की अपेक्षा जताई। समिति के सचिव ने कहा कि मंदिर निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। समिति का उद्देश्य मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाना है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।

विधायक दुर्गेश्वर लाल ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि भैरव मंदिर निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए भी आवश्यक सहयोग किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और आश्वासन से मंदिर निर्माण कार्य को गति मिलेगी। इस दौरान समिति के संरक्षक जमुना स्वरूप रतूड़ी, सचिव डाo राकेश रतूड़ी, सहसचिव यशवीर सिंह पंवार, सदस्य हर्षमणी, डाo अरुण रतूड़ी, नरेंद्र रतूड़ी, भा जा पा के मण्डल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार आदि पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!