उत्तराखंड

मोरी में 535 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार, अफीम की अवैध खेती के दो मामलों में भी दो आरोपी दबोचे

त्योहारी सीजन में उत्तरकाशी पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई तेज, 1.07 लाख रुपये की चरस बरामद
उत्तरकाशी/मोरी – त्योहारी सीजन के बीच उत्तरकाशी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मोरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान 535 ग्राम अवैध चरस के साथ देहरादून निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अवैध अफीम की खेती से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 अक्टूबर की शाम को यह कार्रवाई की।
स्कूटी से ले जा रहे थे चरस
पुलिस के मुताबिक, मोरी-पुरोला मार्ग पर पेटियांना जाने वाले रास्ते के पास चेकिंग के दौरान होंडा डियो स्कूटी संख्या UK 16F 1068 को रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 535 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब एक लाख सात हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार (20), पुत्र नीरज कुमार, निवासी लखनवाला, थाना सहसपुर, देहरादून तथा अभिषेक (25), पुत्र मामचन्द, निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
अफीम की अवैध खेती के मामलों में भी गिरफ्तारी
नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मई 2026 में थाना मोरी में अवैध अफीम की खेती के संबंध में दर्ज दो मुकदमों में वांछित चल रहे पालेश्वर (46) और रत्ना (53) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
2026 में 37 नशा तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 28 मामलों में 37 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 53.70 लाख रुपये मूल्य की 9.5 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त चार नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी, बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है।
अब देखना होगा कि पुलिस की लगातार कार्रवाई से जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर कितना प्रभावी अंकुश लग पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!