निर्वाचन कार्यों में लापरवाही क्षम्य नहीं, युद्ध स्तर पर पूरा करें डिजिटाइजेशन – एडीएम
उत्तरकाशी – अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने 50 प्रतिशत से कम डिजिटाइजेशन वाले पोलिंग बूथों की वर्चुअल समीक्षा करते हुए सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन के शेष कार्यों को बिना किसी देरी के युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सौंपे गए दायित्वों और जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन पोलिंग बूथों पर डिजिटाइजेशन का ग्राफ 50% से कम है वहां तत्काल गति बढ़ाई जाए।तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
वर्चुअल बैठक में सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी,अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा आदि अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

