उत्तराखंड

विश्व रक्तदाता दिवस पर उत्तराखंड सरकार के दून मेडिकल कॉलेज ने संत निरंकारी मिशन का किया सम्मान

देहरादून – विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार के द्वारा  दून मेडिकल कॉलेज ने मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए संत निरंकारी मिशन का विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मिशन के प्रतिनिधि के रूप में जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह एवं संयोजक नरेश विरमानी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संत निरंकारी मिशन वर्षों से निःस्वार्थ भाव से रक्तदान शिविरों का आयोजन कर समाज में मानवता, सेवा और परोपकार की भावना को सशक्त बना रहा है। मिशन के स्वयंसेवियों द्वारा समय-समय पर आयोजित रक्तदान अभियानों से हजारों जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिला है। इसी सेवा भावना को देखते हुए विश्व रक्तदाता दिवस पर राज्य सरकार ने मिशन के योगदान की सराहना करते हुए उसका अभिनंदन किया।
मिशन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह एवं नरेश विरमानी ने इस सम्मान के लिए उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन के सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में मानव सेवा के विभिन्न कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। रक्तदान को महादान बताते हुए उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए रक्तदान ही जरूरतमंदों की सहायता का सबसे प्रभावी माध्यम है।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानव सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे संगठनों को भी प्रोत्साहित करने का कार्य किया। संत निरंकारी मिशन की सेवाओं की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने मिशन के मानव कल्याणकारी कार्यों को प्रेरणादायी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!