जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने ली देर शाम सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक
उत्तरकाशी – जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने देर शाम सहकारिता विभाग की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने न्याय पंचायतों में तैनात सचिवों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए एआर कोऑपरेटिव को उनके प्रदर्शन का गहन आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन सचिवों की प्रगति संतोषजनक नहीं है,उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने घाटे में चल रही सहकारी समितियों को लाभ की ओर लाने हेतु विस्तृत कार्य योजना तैयार करने औऱ कीवी का उत्पादन कर रहे किसानों के लिए बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए जीरो प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध ऋण योजनाओं का अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुँचाया जाए,ताकि वे कृषि कार्यों में निवेश कर सकें और अपनी आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी किसानों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा पात्र किसानों तक समयबद्ध तरीके से ऋण सुविधा पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह,एआरकोपरेटिव प्रियंका सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

