उत्तराखंड

डीजी सूचना ने जीएमवीएन में की प्रेस वार्ता,देवभूमि रजत उत्सव की रूपरेखा पर डाली रोशनी

उत्तरकाशी –  अपर सचिव मुख्यमंत्री/महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने सोमवार देर शाम जीएमवीएन में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने देव भूमि रजत उत्सव से जुड़ी जानकारियां साझा करने के साथ-साथ पत्रकार हितों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की।

महानिदेशक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य को 25 वर्ष पूर्ण हो चुके है। यहां की सभ्यता,संस्कृति और जो उत्तराखंड राज्य आंदोलन का इतिहास है और जिन्होंने राज्य आंदोलन में अपनी शहादत दी है उनके बारे में आने वाली पीढ़ी जागृत हो इस दिशा में स्कूलों के बच्चों और छात्राओं को रजत उत्सव से जोड़ा गया है। निबंध लेखन,चित्रकला और भाषण आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास,उसकी पृष्ठभूमि और महत्व की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की जनोपयोगी नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है।उन्होंने कहा कि रजत उत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय बोली-भाषाओं,लोकगीतों और लोकनृत्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

महानिदेशक ने कहा कि सोशल मीडिया नियमावली को जल्द ही उत्तराखंड में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नियमावली पहले से ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लागू है और उत्तराखंड में इसे लागू करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। नियमावली के लागू होने से सोशल मीडिया पर कार्यरत पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलेंगे तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में प्रेस मान्यता अब तहसील स्तर पर भी दिए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नियमावली तैयार की जा रही है,जो अब अंतिम चरण में है। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी मान्यता का लाभ मिलेगा।

महानिदेशक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पत्रकारों को सुविधाएं, सुरक्षा और सम्मान मिले तथा वे बिना किसी दबाव के निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें। शीतकालीन यात्रा एवं देवभूमि रजत उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा,संस्कृति और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे,जिन पर डीजी सूचना ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा,अति.जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!