बड़े भाई व भाभी ने छोटे भाई के कटवाये दोनों हाथ ,दोनों हुए गिरफ्तार
टिहरी – भिलंगना ब्लॉक के लसियाल गांव में छोटे भाई के साथ मारपीट कर उसके दोनों हाथ कटवाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक जांच यूनिट को भेजा गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बालगंगा तहसील के लसियाल गांव निवासी पीड़ित अंग्रेज सिंह बिष्ट (25) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 20 दिसंबर की रात को महाराष्ट्र से गांव पहुंचे उसके बड़े भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि ने उसके कमरे में आकर मारपीट की। जब पीड़ित ने भागने का प्रयास किया तो भाई ने दरवाजे पर खड़ी भाभी से चाकू लेकर हमला कर दिया। इससे उसके दोनों हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गए। बमुश्किल उसने भागकर जान बचाई।
पीड़ित ने बताया कि मदद के लिए वह रात को ही गांव में रह रहे नेपालियों के घर में गया। फिर सुबह होने पर मदद के लिए चाचा के घर गया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। उसके बाद वह दिनभर घर में रहा। शाम को उसका भाई पूरब सिंह ही उसे बेलेश्वर अस्पताल ले गया।

