उत्तराखंड

देहरादून बाइपास स्थित निरंकारी सत्संग भवन में बाल समागम हुआ भव्य आयोजन 

देहरादून–  देहरादून बाइपास स्थित निरंकारी सत्संग भवन में रविवार को भव्य बाल समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, अभिभावकों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समागम का उद्देश्य बच्चों को आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सत्संग के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों द्वारा भजन, कविताएं, प्रेरणादायक विचार तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित संगत का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मानवता, प्रेम, सेवा और सद्भावना जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रोहणी दिल्ली से पधारीं बीनू विजानी ने उपस्थित संगत एवं बच्चों को संबोधित करते हुए सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही आध्यात्म की ओर प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है। आध्यात्मिक ज्ञान और अच्छे संस्कार बच्चों के व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हैं तथा उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं।
बीनू विजानी ने कहा कि आज के आधुनिक और प्रतिस्पर्धात्मक दौर में बच्चों पर पढ़ाई और अन्य गतिविधियों का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में आध्यात्म उन्हें मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे ईश्वर की पहचान और मानवता के मूल्यों को समझते हैं, तब उनका जीवन खुशहाल और संतुलित बनता है। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और आध्यात्मिक वातावरण भी प्रदान करें।
उन्होंने आगे कहा कि संत निरंकारी मिशन सदैव बच्चों और युवाओं को सकारात्मक सोच, सेवा भावना तथा मानव एकता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता रहा है। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में आध्यात्मिक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे आयोजन इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
समागम के दौरान बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस प्रकार के आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए इसकी सराहना की।
अंत में मसूरी जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ब्रांच मुखी ज्ञानेश्वर गुरंग ने आई हुई  सभी संगत ,आगंतुकों, अभिभावकों एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया। बाल समागम में मानवता, प्रेम, भाईचारे और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश प्रमुख रूप से प्रतिध्वनित हुआ, जिससे उपस्थित सभी लोगों ने प्रेरणा प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!