उत्तराखंड

जिलाधिकारी ने कॉलेज लाइब्रेरी को दी नई सौगात प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी आसान

डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, छात्रों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

उत्तरकाशी – बुधवार को पीजी कॉलेज परिसर में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा अत्याधुनिक आईटी लैब का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने लैब का निरीक्षण किया और लैब में उपलब्ध कंप्यूटर सिस्टम, इंटरनेट सुविधा एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का अवलोकन कर इसकी उपयोगिता पर संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं सहित सभी क्षेत्रों में तकनीकी ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने छात्रों को निर्देशित किया कि आईटी लैब का उपयोग केवल शैक्षणिक और रचनात्मक कार्यों के लिए करें। नियमित अभ्यास, अनुशासन और समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा महाविद्यालय के पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर पुस्तकालय के संसाधनों में महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है। अब विद्यार्थियों के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की नई पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष पुस्तकें, शोध सामग्री और पत्र-पत्रिकाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
कॉलेज प्राचार्य ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईटी लैब एवं समृद्ध पुस्तकालय से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक परिणामों में सकारात्मक सुधार होगा और वे भविष्य में उच्च पदों पर आसीन होकर जनपद का नाम रोशन करेंगे।

इस दौरा एसडीएम शालिनी नेगी , प्राचार्य पंकज पंत सहित छात्र संघ के पदाधिकारी एवं अन्य प्रवक्ता एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!