मुख्य विकास अधिकारी ने श्री यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
चारधाम धाम यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद
उत्तरकाशी – आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्री यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। चारधाम यात्रा के व्यवस्थित संचालन व यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य विकासाधिकारी ने स्पष्ट किया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक के 06 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग में पेयजल शौचालय विद्युत आपूर्ति रेन शेल्टर और रेलिंग की स्थिति को देखा। स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने सुलभ इंटरनेशनल और जिला पंचायत को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग और शौचालयों में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र और एसडीआरएफ केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा घोड़ा-खच्चरों के लिए चरी व प्याऊ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने यात्रा मार्ग पर सूचना पटल और साइन बोर्डों को बड़े एवं सुसज्जित रूप में लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो। यात्रा पड़ावों पर संपर्क मार्गों, पंजीकरण केंद्रों और अन्य जन-उपयोगी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीडीओ ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़े सभी शेष कार्यों को कपाट खुलने से पूर्व हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।
यात्रा मार्ग के निरीक्षण से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी ने बड़कोट दोबाटा और खरादी में आजीविका स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित आउटलेट केंद्रों का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उनकी पैकेजिंग और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक यमुनोत्री संजय डोभाल,अपर परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, प्रबंधक रीप, कपिल उपाध्याय, अधिशासी अभियंता विद्युत धर्मवीर सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि बड़कोट तरूण कम्बोज, सचिव यमुनोत्री मन्दिर समिति सुनील उनियाल सहित यात्रा से जुड़े सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे ।

