उत्तराखंड

एसपी उत्तरकाशी द्वारा किया गया गंगोत्री हाइवे/कांवड़ रुट एवं पापड़गाड़ (भटवाड़ी) भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण

सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं आपदा से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा, पुलिस एवं संबंधित विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

उत्तरकाशी – मानसून सीजन के बीच जनपद उत्तरकाशी में कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह, आस्था एवं उल्लास के साथ सकुशल संचालित हो रही है। प्रतिदिन भारी संख्या में कांवड़िये पवित्र गंगाजल लेने श्री गंगोत्री धाम पहुंच रहे हैं। शिवभक्तों की निरंतर बढ़ती संख्या तथा मानसून के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग/कांवड़ यात्रा मार्ग एवं पापड़गाड़ (भटवाड़ी) स्थित भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं पुलिस व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।

पापड़गाड़ (भटवाड़ी) स्थित भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था, बीआरओ (BRO) के अधिकारियों, अभियंताओं एवं संबंधित ठेकेदारों को मार्ग को शीघ्र सुचारु करने, सुरक्षात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कांवड़ एवं चारधाम यात्रा के सुरक्षित संचालन हेतु पुलिस, प्रशासन एवं बीआरओ के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष बल दिया गया। किसी भी प्रकार के जोखिम की स्थिति में तत्काल यातायात रोककर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने तथा भू-धंसाव एवं मार्ग अवरुद्ध होने की अद्यतन स्थिति से उच्चाधिकारियों एवं कंट्रोल रूम को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, मार्ग अधिक समय तक बाधित रहने की स्थिति में शटल सेवा एवं अन्य वैकल्पिक यातायात व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से लागू करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” की भावना के अनुरूप संवेदनशील, विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करें तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रत्येक श्रद्धालु को तत्काल सहायता एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।

यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा में प्रयुक्त वाहनों की भौतिक स्थिति की नियमित जांच, ओवरलोडिंग, ओवरहाइट एवं ध्वनि प्रदूषण करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने हेतु भी निर्देशित किया गया।

पुलिस अधीक्षक  द्वारा समस्त शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यात्रा कर यातायात व यात्रा व्यवस्थाओं को बनाने सहयोग की अपील की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक मनेरी दीपक नौटियाल, चौकी प्रभारी भटवाडी अजय रावत, बीआरओ के अधिकारी एवं अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!