देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत
देवप्रयाग -देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बालक की जान स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से बच गई। हादसा देवप्रयाग से लगभग 10 किलोमीटर आगे कुंडाधार के पास हुआ, जहां लक्सर (जीतपुर रायपुर) निवासी एक परिवार को ले जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और देवप्रयाग पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से घायल मासूम अरमान को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागी (देवप्रयाग) भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल को अस्पताल भेजे जाने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम को दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पास पांच लोग मृत अवस्था में मिले। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं।
पुलिस ने सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

