जनपद में खेल महाकुम्भ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का होगा आयोजन
उत्तरकाशी – खेलों का वातावरण, माहौल सृजित करने, युवाओं का खेलों के प्रति आकर्षण पैदा करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिन्हित करने, युवाओं को नशे की प्रवृति से दूर कर नशामुक्त उत्तराखण्ड बनाने फिट इण्डिया मूमेंट, युवाओं को ई कल्चर से प्ले ग्राउण्ड की और आकर्षित करने के उद्देश्य से गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी खेल महाकुंभ–मा० मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अन्तर्गत न्याय पंचायत स्तर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विधानसभा स्तर विधायक चैम्पिनशिप ट्रॉफी एवं सांसद स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है।
खेलकूद आयोजन को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में भौतिक एवं गूगल मीट के माध्यम से आयोजन समिति की बैठक आहुत की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जनपद में खेल महाकुम्भ–मा. मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 01 सितम्बर 2026 से न्याय पंचायत स्तर से आरम्भ करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देश दिये कि खेलकूद प्रतियोगिता आयोजन का चार्ट तैयार करें। उन्होंने निर्देश दिये कि समस्त शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग कालेज, संस्कृत महाविद्यालय, आईटीआई एवं अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं का ऑनलाईन एवं ऑफलाईन पंजीकरण कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करवाया जाय। उन्होंने क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों, व्यायाम प्रशिक्षकों को उच्च शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्रों के शतप्रतिशत पंजीकरण करवाने के निर्देश दिये। साथ ही सम्बन्धित विद्यालयों में पंजीकरण हेतु पत्राचार भी आवश्यक रूप से किया जाया। उन्होंने पुलिस, शिक्षा एवं खेल विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिता को निर्विधन रूप से सम्पन्न कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि प्रत्येक प्रतियोगिता स्थल पर फर्स्ट एड बॉक्स, पेयजल एवं शांति सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा महाकुंभ मा० मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अन्तर्गत न्याय पंचायत स्तर पर 01 से 10 सितम्बर के मध्य आयोजित की जायेगी न्याय पंचायत स्तर पर अण्डर 14 एवं 19 आयुवर्ग के बालक / बालिकाओं की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो एवं मुर्गा झपट की प्रतियोगितायें आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पिनशिप ट्रॉफी के अन्तर्गत अण्डर 14 एवं 19 आयुवर्ग के बालक एवं बालिकाओं की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो एवं मुर्गा झपट में न्याय पंचायत स्तर से चयन के आधार पर तथा वालीबॉल एवं पिट्टू की प्रतियोगिता सीधे विधानसभा स्तर पर आयोजित की जायेगी, जबकि सांसद चैम्पियनशिप ट्राफी के अन्तर्गत अण्डर 14 एवं 19 आयुवर्ग के बालक एवं बालिकाओं की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट, वालीबॉल एवं पिट्टू विधानसभा स्तर पर चयन के आधार तथा मलखम्ब, रस्साकसी, फुटबॉल, गोली कंचा एवं बैडमिंटन एकल एवं युगल की प्रतिगितायें सीधे सांसद स्तर पर आयोजित की जायेगी। उन्होने कहा कि मा० मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुगाझपट, वालीबॉल, पिटू, मलखम्ब, रस्साकसी, गोली कंचा, फुटबॉल एवं बैडमिटन के सांसद स्तर पर चयन के आधार पर एवं जूडो, बाक्सिंग, टेबिल टेनिस, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, कराटे, हॉकी, हैण्डबॉल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेन्सिंग, कुश्ती, पेन्चाक सिलाट, पावर लिफ्टिंग सीधे राज्य पर तथा इस वर्ष वेट लिफ्टिंग, बेसबॉल, लॉन टेनिस नयी प्रतियोगिताओं को जोड़ा गया है। साथ ही राज्य स्तर पर 20 से 25 आयुवर्ग महिला ओपन वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, पिट्टू वालीबॉल, रस्साकसी, फुटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, हॉकी, योगासन, हैण्डबॉल एवं बेसबॉल की प्रतियोगिताओं को जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर दिव्यांगजन ओपन प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं तैराकी की प्रतियोगितायें आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली न्याय पंचायत को एक लाख तथा सांसद स्तर पर सार्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली विधानसभा को दो लाख एवं ट्रॉफी पुरस्कार स्वरूप दी जायेगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी भटवाड़ी शालिनी नेगी, उपजिलाधिकारी डुण्डा देवानन्द शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, जिला क्रीडा अधिकारी निधी बिंजोला, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, जिला पंचायतराज अधिकारी प्रताप सिंह, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला खेल समन्वयक, समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, व्यायाम प्रशिक्षक शामिल रहे।

