भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती एवं अभियंता दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का हुआआयोजन
उत्तरकाशी – जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ उत्तरकाशी के तत्वाधान में भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती एवं अभियंता दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस विशेष समारोह में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रतिभाग किया एवं महान दूरद्रष्टा एवं आधुनिक भारत के निर्माता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उपस्थित अभियंताओं को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने राष्ट्र के नवनिर्माण में अभियंताओं की बहुमूल्य उपलब्धियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम में सुदृढ़ सड़कों, विशाल भवनों, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, उन्नत विद्युत तंत्र और जलप्रपाती बांधों जैसे बड़े ढांचागत प्रोजेक्ट्स में तकनीकी दक्षता के अमूल्य योगदान की प्रशंसा की गई।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने समकालीन चुनौतियों से निपटने के लिए नवाचार और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सतत विकास के लिए युवा अभियंताओं को पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकलकर नए विचारों , नवाचार और तकनीकी को समाजोपयोगी बनाने के लिये प्रेरित किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि गढ़वाल समन्वयक मुख्यमंत्री किशोर भट्ट ने अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आधुनिक भारत के विश्वकर्मा के रूप में प्रतिष्ठित, उत्कृष्ट अभियंता विश्वेश्वरैया जी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। इंजीनियर्स डे केवल इंजीनियरिंग पेशे से जुड़े लोगों को सम्मान देने का दिन नहीं है, बल्कि यह विज्ञान, तकनीक, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में इंजीनियरों की भूमिका को रेखांकित करने का अवसर भी है। आज इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और ऊर्जा तक लगभग हर क्षेत्र में इंजीनियरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर ईई लोनिवि डी.सी नौटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंघल, ईई आरडब्लूडी योगेश कुमार सहित अन्य सहायक अभियंता , कनिष्ठ अभियता उपस्थित रहे।

