अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की ली बैठक
उत्तरकाशी – अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में प्री-रिविजन एक्टिविटीज के तहत किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान चलाया गया है। इस दौरान अनुपस्थित,अन्यत्र स्थानांतरित तथा मृत मतदाताओं के आधार पर ASD (Absentee, Shifted, Dead) सूची तैयार की गई है। उन्होंने इस सूची को पारदर्शिता के उद्देश्य से राजनीतिक दलों एवं बीएलओ-2 के साथ साझा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
बैठक के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रारूप 9, 10, 11, 11अ, 11ब एवं ASD सूची साझा की गई। अधिकारियों द्वारा इन सूचियों की बारीकियों और महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि जिन मतदेय स्थलों पर अभी तक बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति नहीं हुई है, वहां अविलंब योग्य सदस्यों को नियुक्त किया जाए।
उन्होंने आगामी निर्वाचन कार्यों को त्रुटिहीन बनाना और मतदाता सूची के पुनरीक्षण व अन्य प्रक्रियाओं में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
बैठक में कॉंग्रेस से दिनेश गौड़,भाजपा से महावीर सिंह नेगी,बसपा से रमेश राज सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

