जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पर्यटन एवं स्वरोजगार योजनाओं की जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित प्राप्त आवेदनों की हुई समीक्षा
जिलाधिकारी ने पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर दिया जोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पात्रता के आधार पर योजना का लाभ सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
होम स्टे में अग्निशामक यंत्र और पार्किंग की हो उचित व्यवस्था – जिलाधिकारी
उत्तरकाशी – जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में “दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना”, “वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना” तथा “ट्रैकिंग-ट्रैक्शन होम स्टे अनुदान योजना” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं से युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने में बैंकों की मुख्य भूमिका है जिसके लिए बैंक उनका सभी प्रकार से सहयोग करें।
दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 28 के लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्त 26 नए आवेदन पत्रों पर चयन एवं अग्रिम कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त बैठक में ईको सेंसिटिव जोन के अंतर्गत आच्छादित आवेदनों तथा बैंक परिवर्तन हेतु प्राप्त अनुरोध पत्रों पर भी समिति द्वारा विस्तृत चर्चा की गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना समीक्षा के दौरान पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु कुल 20 (वाहन मद में 11 एवं गैर-वाहन मद में 09) का लक्ष्य आवंटित था, जिसके सापेक्ष कुल 16 नए आवेदन (वाहन मद में 04 तथा गैर-वाहन मद में 12) प्राप्त हुए हैं। बैठक में वाहन एवं गैर-वाहन दोनों मदों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार चयन की कार्यवाही संपादित की गई तथा बैंक परिवर्तन व ईको सेंसिटिव जोन से संबंधित प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया। ट्रैकिंग-ट्रैक्शन होम स्टे अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु निर्धारित 30 के लक्ष्य के सापेक्ष 32 नए आवेदन पत्र समिति के सम्मुख प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों तक पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के चयन में निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होम स्टे में सुरक्षा के दृष्टिगत अग्निशामक यन्त्रों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही होम स्टे में पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य और मानकों का पालन कड़ाई से करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवेदक योजना अंतर्गत किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला विकास पर्यटन से संपर्क कर सभी सूचनाएं प्राप्त कर सकते हैं जिसके लिए उन्होंने डीटीडीओ को आवेदकों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना से जुड़ी अन्य किसी समस्या के निराकरण के लिए मुख्य विकास अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी संपर्क सूत्र – 7300799201
मुख्य विकास अधिकारी – 01374 222724
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, डीटीडीओ खुशल सिंह नेगी, लीड बैंक मैनेजर बीएन सिंह, डीडीएम नाबार्ड पारित गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधिगण एवं योजनाओं हेतु पंजीकृत लाभार्थी उपस्थित रहे।

