अंतर्राष्ट्रीय

युवा आईएएस राहुल आनंद ने संभाला उत्तरकाशी के मुख्य विकास अधिकारी का पदभार

गांव-गांव जाकर विकास कार्यों और जनसमस्याओं का करेंगे निरीक्षण

उत्तरकाशी – जनपद उत्तरकाशी में युवा आईएएस अधिकारी राहुल आनंद ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उनसे जनपद के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर विशेष बातचीत की गई।

मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद ने कहा कि जनपद उत्तरकाशी के समग्र विकास के लिए उनका हरसंभव प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं और विकास की संभावनाओं को समझने में कुछ समय लगेगा। इसके बाद विकास कार्यों को गति देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जल्द ही जनपद के सभी विकासखंडों का भ्रमण कर गांव-गांव जाकर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा। ग्रामीणों की आवश्यकताओं और क्षेत्रीय परिस्थितियों के आधार पर समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

सीडीओ राहुल आनंद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के सहयोग से जनपद में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

जनपदवासियों को युवा अधिकारी से ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीदें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!