उत्तराखंड

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 8 मोबाइल प्रदर्शन वैन के जरिए मतदाताओं को दी जाएगी मतदान प्रक्रिया की जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल प्रदर्शन वैन को किया रवाना

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में अभियान की तैयारियों को लेकर दी जानकारी

उत्तरकाशी – आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी साझा की और आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मोबाइल प्रदर्शन वैन को हरी झंडी दिखाकर तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में 21 नवंबर 2026 से जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यह जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत गांवों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी कार्यालयों में ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन कर लोगों को मतदान प्रक्रिया समझाई जाएगी।

अभियान के लिए विधानसभा क्षेत्रवार कुल 8 मोबाइल प्रदर्शन वैन लगाई गई हैं। इनमें पुरोला विधानसभा क्षेत्र में 3, यमुनोत्री में 2 तथा गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में 3 वैन रवाना की गई हैं। इन वैन के माध्यम से तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 547 मतदान केंद्रों को कवर किया जाएगा। इसके साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर के गंगोत्री भवन में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है। विधानसभा क्षेत्रों में उपजिलाधिकारियों के कार्यालयों में भी प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यक्ति को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया जाए। मोबाइल वैन के माध्यम से अधिक से अधिक गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर लोगों को जागरूक किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसके लिए जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!