बड़कोट में 5–6 नाली भूमि पर उगी भांग की खेती नष्ट
ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, ग्रामीणों से नशे के खिलाफ सहयोग की अपील
बड़कोट (उत्तरकाशी) – उत्तरकाशी जनपद में नशे के अवैध स्रोतों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बड़कोट पुलिस ने ग्राम पाली के बड़ाता तोक में करीब 5 से 6 नाली बंजर भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगी भांग को नष्ट किया। पुलिस ने मौके पर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील भी की।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में संचालित ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पाली के बड़ाता तोक पहुंचकर बंजर भूमि पर उगी भांग को नष्ट किया।
नशे के खिलाफ जनसहभागिता पर जोर
कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि आसपास भांग, अफीम की अवैध खेती, नशीले पदार्थों के कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार और खेती में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छह सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
भांग विनष्टीकरण अभियान में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल विपिन शर्मा, होमगार्ड सूर्यपाल सिंह तथा पीआरडी जवान सायब लाल और कृष्णा असवाल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध नशे के स्रोतों पर कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

