मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर छात्रों से मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण सुना बालिका इंटर कॉलेज पुरोला की छात्राओं ने भी किया मंथन
पुरोला – जनपद उत्तरकाशी के बालिका इंटर कालेज पुरोला में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड—एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं को लाइव प्रसारण के माध्यम से संबोधित किया और उत्तराखंड के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों के उत्तराखंड की कल्पना करने और उसके निर्माण के लिए रचनात्मक सुझाव देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में प्रदेश के विकास की दिशा तय करेंगे।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि-बागवानी, पर्यावरण संरक्षण, पलायन रोकने तथा तकनीकी शिक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, संस्कृति, पर्यटन और प्रतिभाशाली युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवाओं की सोच और प्रतिभा को सही दिशा मिले तो प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों से अपने सुझाव और विचार साझा करने को कहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राज्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें उत्तराखंड के भविष्य की विकास यात्रा से जोड़ना रहा।
छात्र-छात्राओं ने कहा कि वे ऐसा उत्तराखंड देखना चाहते हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार के अवसर और आधुनिक तकनीक गांवों तक उपलब्ध हों तथा पलायन पर प्रभावी रोक लगे। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बालिका इंटर कालेज पुरोला की प्रधानाचार्य ऋत्मभरा सेमवाल ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उत्तराखंड के मुखिया पुष्कर सिंह धामी का छात्राओं से सीधा संवाद उनके जीवन पर एक सीधा असर डालेगा । इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं के अंदर एक नई ऊर्जा का संचार पैदा होगा।

